रीड साहब धर्मशाला में सामुदायिक शौचालय एवं स्नानागार का शुभारंभ
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
गोरखपुर। शहर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में नगर निगम की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रीड साहब धर्मशाला परिसर में सामुदायिक शौचालय एवं स्नानागार की सुविधा शुरू की गई। गुरुवार को महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और नगर आयुक्त अजय जैन ने फीता काटकर इसका उद्घाटन किया।इस अवसर पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि शहरवासियों के साथ बाहर से आने वाले लोगों को भी बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छ एवं सुविधाजनक शौचालय और स्नानागार की व्यवस्था आम नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी है। रीड साहब धर्मशाला में यह सुविधा शुरू होने से यहां आने वाले लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें आम नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। लोगों से अपील की गई कि सार्वजनिक सुविधाओं का उपयोग करते समय स्वच्छता बनाए रखें और परिसर को गंदा न करें।
नगर आयुक्त अजय जैन ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकताओं में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करना शामिल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को शौचालय एवं स्नानागार की नियमित साफ-सफाई तथा उचित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रीड साहब धर्मशाला शहर के प्रमुख स्थलों में शामिल है, जहां विभिन्न कार्यों से लोगों का आवागमन बना रहता है। ऐसे में सामुदायिक शौचालय एवं स्नानागार की सुविधा शुरू होने से आम लोगों को राहत मिलेगी। नगर निगम की इस पहल को सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने वाला कदम माना जा रहा है।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव, अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, पार्षद आनंद वर्धन, सहायक नगर आयुक्त अविनाश प्रताप सिंह, स्टोनो बृजेश तिवारी सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और अन्य लोग मौजूद रहे।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यकता के अनुसार अन्य स्थानों पर भी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
रिपोर्टर: पवन कुमार
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR