रालोद के यूपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय ने दिया इस्तीफा

रालोद के यूपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय ने दिया इस्तीफा
प्राथमिक सदस्यता भी छोड़ी, जयंत सिंह को भेजा त्यागपत्र

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय ने प्रदेश अध्यक्ष पद के साथ-साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) चौधरी जयंत सिंह को भेजा है।

अपने त्यागपत्र में डॉ. राय ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व सौंपने के लिए वह राष्ट्रीय अध्यक्ष के आभारी हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रदेश के विभिन्न जनपदों का व्यापक दौरा किया तथा कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित कर संगठन के विस्तार और सशक्तीकरण के लिए लगातार कार्य किया।

डॉ. राय ने त्यागपत्र में लोकनायक जयप्रकाश नारायण के 1974-75 के संपूर्ण क्रांति आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी, लोकतांत्रिक संस्थाओं के क्षरण और शासन-प्रशासन की जवाबदेही जैसे मुद्दे आज भी प्रासंगिक हैं।

उन्होंने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर चिंता जताते हुए कहा कि लोकतंत्र धीरे-धीरे धनबल और प्रभावशाली वर्गों के नियंत्रण में जाता दिखाई दे रहा है। समाज में जाति, उपजाति और संप्रदाय के आधार पर विभाजन की प्रवृत्ति बढ़ रही है। किसानों, बेरोजगार युवाओं तथा सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को लेकर भी उन्होंने चिंता व्यक्त की।

त्यागपत्र में डॉ. रामाशीष राय ने कहा कि राजनीति में वैचारिक प्रतिबद्धता के स्थान पर आर्थिक शक्ति और परिवारवाद का प्रभाव बढ़ना लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए चिंताजनक है। उन्होंने संविधान, लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं पर बढ़ते दबाव का भी उल्लेख किया।

डॉ. राय ने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में लोकतांत्रिक मूल्यों और वैचारिक प्रतिबद्धताओं को लेकर वह चिंतित हैं। इन्हीं परिस्थितियों के चलते उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष पद के साथ ही राष्ट्रीय लोकदल की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा देने का निर्णय लिया है।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ