रक्षाबंधन पर जिलाधिकारी ने महिलाओं, छात्राओं और खिलाड़ियों से बंधवाई राखी
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर कलेक्ट्रेट स्थित कक्ष में सौहार्द और भाईचारे की सुखद तस्वीर देखने को मिली। ओम शांति धर्मपुर की महिलाओं, गीता इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं एवं खिलाड़ियों ने जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी महिलाओं, छात्राओं और खिलाड़ियों को रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह, विश्वास, आत्मीयता और पारस्परिक सम्मान का पर्व है। उन्होंने सभी से इस पावन पर्व को शांति, सौहार्द और भाईचारे की भावना के साथ मनाने की अपील की।
जिलाधिकारी ने कहा कि पर्व के दौरान आपसी प्रेम और सामाजिक सद्भाव की भावना को और मजबूत किया जाए तथा जनपद में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सभी अपना सहयोग दें।उन्होंने रक्षाबंधन के अवसर पर सरकार द्वारा महिलाओं एवं बहनों के लिए उपलब्ध कराई गई निःशुल्क परिवहन सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए उपलब्ध इस सुविधा का लाभ लेकर बहनें अपने गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचें।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं, छात्राओं एवं खिलाड़ियों ने जिलाधिकारी को राखी बांधकर शुभकामनाएं दीं। जिलाधिकारी ने भी सभी के उज्ज्वल भविष्य, सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने रक्षाबंधन के माध्यम से प्रेम, विश्वास, सुरक्षा और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR