जिलाधिकारी ने किया आपदा नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण

जिलाधिकारी ने किया आपदा नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

कुशीनगर। जनपद में बाढ़ एवं आपदा की संभावित स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित आपदा नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नियंत्रण कक्ष में प्राप्त हो रही सूचनाओं, उनके अभिलेखीकरण तथा संबंधित विभागों के साथ सूचनाओं के आदान-प्रदान की व्यवस्था का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि नियंत्रण कक्ष में प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना को निर्धारित रजिस्टर में तत्काल और स्पष्ट रूप से दर्ज किया जाए। किसी भी सूचना को लंबित न रखा जाए तथा आवश्यकता के अनुसार संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय से सूचना उपलब्ध कराकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने बैराजों से होने वाले पानी के निकास की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही जलस्तर और पानी के निकास में होने वाले किसी भी परिवर्तन की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराने को कहा। बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए नियंत्रण कक्ष को पूरी तरह सक्रिय और सतर्क रखने के भी निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा की स्थिति में सूचनाओं का त्वरित, सटीक और समयबद्ध आदान-प्रदान बेहद महत्वपूर्ण है। नियंत्रण कक्ष में तैनात कार्मिक पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में सूचना मिलते ही संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर आवश्यक राहत एवं बचाव कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नियंत्रण कक्ष में तैनात कार्मिकों से प्राप्त सूचनाओं और उनके आधार पर की गई कार्रवाई की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आपदा संबंधी सूचना एवं सहायता के लिए संपर्क

आपदा नियंत्रण कक्ष: 05564-240590
टोल फ्री नंबर: 1077

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि बाढ़ अथवा किसी भी आपदा से संबंधित सूचना मिलने पर तत्काल उपरोक्त नंबरों पर जानकारी दें, ताकि समय से आवश्यक राहत एवं बचाव कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



रिपोर्टर: यहाँ नाम लिखें

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ