फरेंदा में तस्करी का बड़ा खेल बेनकाब, बलैनो कार से सात बोरी अखरोट समेत कॉस्मेटिक का जखीरा बरामद
कार्रवाई से मचा हड़कंप, बस्ती का युवक गिरफ्तार; कस्टम अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। फरेंदा कस्बे में तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने बुधवार को संदिग्ध बलैनो कार को रोककर बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया। कार की तलाशी के दौरान सात बोरी अखरोट, 12 बोरी फेयर एंड लवली पाउच, मैगी के दो गत्ते तथा प्लास्टिक में रखी फेयर एंड लवली क्रीम की 275 ट्यूब बरामद हुईं। पुलिस ने कार सवार युवक को गिरफ्तार कर वाहन को कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान सुनील मिश्रा (34) पुत्र देवतामनी मिश्रा, निवासी ग्राम नदाई हरहिया, थाना हरैया, जनपद बस्ती के रूप में हुई है। पुलिस ने सामान की ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही बलैनो कार संख्या यूपी 56 एवाई 1907 को भी जब्त कर लिया।
कहां से आया सामान, कहां जाना था?
कार से बरामद सामान को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद सामान कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। पुलिस को आशंका है कि सामान की आवाजाही के पीछे तस्करी का नेटवर्क हो सकता है। हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मामले में फरेंदा थाने में मु0अ0सं0 NIL/2026 के तहत धारा 111 कस्टम अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
संदिग्ध वाहनों पर पुलिस की पैनी नजर
तस्करी की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रख रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस टीम ने बलैनो कार को रोककर उसकी तलाशी ली, जिसमें यह सामान बरामद हुआ।
कार्रवाई थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम में उपनिरीक्षक सौरभ पटेल समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।
रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR