टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज। सिसवा नगर पालिका क्षेत्र के मीराबाई नगर स्थित निर्माणाधीन अमृत सरोवर में तीन बच्चों की डूबकर मौत के मामले में पुलिस ने निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। घटना के बाद नगर में निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
नगर पालिका परिषद सिसवा के अधिशासी अधिकारी (ईओ) विश्वांचल की तहरीर पर कोठीभार पुलिस ने निर्माण कार्य करा रही दीपक कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोपराइटर दीपक कुमार सिंह के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
एफआईआर के अनुसार, निर्माण स्थल पर गहरे गड्ढे होने के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। न तो बैरिकेडिंग की गई थी, न ही चेतावनी संबंधी बोर्ड लगाए गए थे। इसके अलावा आम लोगों की आवाजाही रोकने के लिए भी कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई थी। प्रारंभिक जांच में इन्हीं सुरक्षा चूकों को हादसे का प्रमुख कारण माना गया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में चर्चा है कि इस मामले में केवल ठेकेदार ही नहीं, बल्कि निर्माण कार्य की निगरानी करने वाले संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR