उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से मिले भरत शुक्ल, सीएचसी में अल्ट्रासाउंड व अस्थि रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति की मांग
टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज। घुघली क्षेत्र के मंगलपुर पटखौली निवासी एवं पूर्व सांसद प्रतिनिधि भरत शुक्ल ने बुधवार को लखनऊ स्थित विक्रमादित्य मार्ग पर उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने जनहित से जुड़े स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
भरत शुक्ल ने घुघली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सहित जनपद महाराजगंज के सभी सीएचसी में अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध कराने तथा अस्थि रोग (ऑर्थोपेडिक) विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए दूर स्थित निजी केंद्रों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक बोझ के साथ-साथ शारीरिक असुविधा भी झेलनी पड़ती है।
उन्होंने यह भी बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल मरीजों को समय पर अस्थि रोग विशेषज्ञ नहीं मिलने के कारण उचित उपचार में देरी होती है, जिससे मरीजों की परेशानियां बढ़ जाती हैं।
भरत शुक्ल के अनुसार, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने उनकी मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मांगें पूरी होने पर जनपद महाराजगंज की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा और आम जनता को बेहतर एवं सुलभचिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR