विद्युत बिलों के लंबित बकाये का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करें: जिलाधिकारी
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग के लंबित विद्युत बिलों के भुगतान, विद्युत देयों की वसूली एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विभागवार समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, पंचायत, ग्रामीण पेयजल, आंगनबाड़ी केंद्र, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार सहित सभी संबंधित विभागों को उपलब्ध बजट के अनुसार लंबित विद्युत बिलों का तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिन विभागों के पास धनराशि उपलब्ध नहीं है, उन्हें अपने-अपने मुख्यालय से तत्काल बजट की मांग करते हुए पत्र भेजने तथा उसकी प्रति जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिन विभागों को अतिरिक्त धनराशि की आवश्यकता है, उनके मुख्यालय को जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से भी पत्र भेजा जाएगा, ताकि भुगतान की प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्युत बिलों की प्रभावी वसूली और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस कार्य में यदि किसी प्रकार के प्रशासनिक सहयोग या संसाधनों की आवश्यकता होगी तो जिला प्रशासन हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगा।
बैठक में विद्युत आपूर्ति, विभागीय समन्वय तथा अन्य संबंधित विषयों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जॉइंट मजिस्ट्रेट, अधीक्षण अभियंता विद्युत, अधिशासी अभियंता विद्युत, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR