राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने हेतु बैठक सम्पन्न, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार आगामी 12 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भुवन की अध्यक्षता में जनपद के समस्त राष्ट्रीयकृत बैंकों के शाखा प्रबंधकों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के विश्राम कक्ष में सम्पन्न हुई। इस दौरान जिला अग्रणी बैंक के प्रबंधक संतोष कुमार, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक प्रतीक कुमार, बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक रवि कुमार त्रिपाठी, इंडियन बैंक के शाखा प्रबंधक पंकज जायसवाल, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी सहित जनपद के विभिन्न राष्ट्रीयकृत बैंकों के शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे।
सचिव भुवन ने सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देशित किया कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों को चिन्हित कर संबंधित पक्षकारों से समन्वय स्थापित किया जाए तथा सुलह-समझौते के आधार पर मामलों का निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का आपसी सहमति एवं सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारण कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं बैंक प्रबंधक आवश्यक सहयोग प्रदान करें, ताकि राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाया जा सके।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR