आकांक्षात्मक विकासखंडों की प्रगति की जिलाधिकारी ने की समीक्षा

आकांक्षात्मक विकासखंडों की प्रगति की जिलाधिकारी ने की समीक्षा

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आकांक्षात्मक विकासखंडों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में आकांक्षात्मक विकासखंडों में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, निर्धारित संकेतकों के आधार पर उपलब्धियों तथा अपेक्षित सुधार की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आकांक्षात्मक विकासखंडों में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। सभी प्रमुख संकेतकों की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति सुनिश्चित की जाए। जिन संकेतकों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है, उनमें विशेष कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध तरीके से सुधार लाया जाए।

स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़े संकेतकों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, कुपोषण की स्थिति तथा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराया जाए तथा संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।


शिक्षा से संबंधित संकेतकों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों की उपस्थिति, शैक्षिक गुणवत्ता, विद्यालयों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं तथा निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों की जानकारी ली। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों एवं प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं शिक्षकों के माध्यम से अभिभावकों से नियमित संपर्क स्थापित कर बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में नियमित भेजने के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने बच्चों की नियमित उपस्थिति एवं शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के लिए क्षेत्रीय स्तर पर निरंतर अनुश्रवण के निर्देश दिए।

बैठक में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों की योजनाओं, किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सिंचाई, पशुपालन, स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों, कौशल विकास, रोजगार, वित्तीय समावेशन तथा आधारभूत संरचना से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए। कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को क्षेत्रीय भ्रमण कर योजनाओं के वास्तविक क्रियान्वयन का सत्यापन करने तथा मौके पर सामने आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आकांक्षात्मक विकासखंडों के समग्र विकास के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय एवं प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य करें। कम प्रगति वाले संकेतकों पर विशेष ध्यान देते हुए तेजी से सुधार लाया जाए।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करने, प्रगति की निरंतर निगरानी करने तथा शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्धियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि आकांक्षात्मक विकासखंडों को विकास के प्रमुख मानकों पर बेहतर स्थिति में लाने के लिए अधिकारी पूरी प्रतिबद्धता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

बैठक में संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ