नारायणी नदी में जलस्तर बढ़ने की आशंका,
डीएम और एसपी ने नदी पार के गांवों का किया निरीक्षण
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। नेपाल के रसुवा जिले में चीन-तिब्बत सीमा से लगे क्षेत्र में भारी बारिश के कारण ग्लेशियर से बनी झील के फटने की सूचना के बाद नारायणी नदी के जलस्तर में वृद्धि की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। वाल्मीकि बैराज से करीब 2.50 लाख से 3 लाख क्यूसेक तक पानी छोड़े जाने की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से शिवपुर क्षेत्र सहित नदी के उस पार स्थित संवेदनशील गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने नदी के जलस्तर और संभावित प्रभाव वाले क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने शिवपुर और आसपास के गांवों में ग्रामीणों से संवाद कर संभावित जलस्तर वृद्धि के प्रति जागरूक किया।
डीएम ने ग्रामीणों से प्रशासन की ओर से जारी सूचनाओं और चेतावनियों का गंभीरता से पालन करने तथा नदी के समीप अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की। उन्होंने पशुओं को भी नदी और निचले इलाकों से सुरक्षित स्थानों पर रखने को कहा।
संभावित आपात स्थिति को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को आवश्यक राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ तैनात कर अलर्ट मोड में रखा गया है। जिलाधिकारी ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील व तटवर्ती क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा जलस्तर में होने वाले बदलाव की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए पूरी कार्ययोजना तैयार रखी जाए। ग्राम स्तर पर कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से लोगों को लगातार जागरूक किया जाए। ग्रामीणों से किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन पूरी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और सभी संबंधित विभागों को सतर्क कर दिया गया है। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तैयार रखी गई हैं।
निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्टर: ब्यूरों
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR