देखें, सीखें और करें—नई उद्यान फसलों की खेती
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। मखाना विकास योजना के तहत किसानों को अधिक आय देने वाली जलीय एवं उद्यान फसलों की आधुनिक खेती से जोड़ने के लिए तकनीकी प्रशिक्षण के बाद फील्ड भ्रमण कराया गया। इसी क्रम में मंगलवार को कुशीनगर के खड्डा विकासखंड के ग्राम रामपुर जंगल में प्रगतिशील मखाना एवं कमल उत्पादक धर्मेंद्र जायसवाल के तालाब का किसानों ने भ्रमण किया। यहां किसानों ने मखाना उत्पादन की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।
जिला उद्यान अधिकारी संदीप गुप्ता ने बताया कि सोमवार को कृषि ज्ञान केंद्र में जनपद के 60 से अधिक किसानों को मखाना उत्पादन की तकनीक और खेती से जुड़ी जानकारी दी गई थी। प्रशिक्षण के बाद किसानों को मौके पर ले जाकर खेती की तकनीक को देखने और समझने के उद्देश्य से भ्रमण कराया गया।
इस दौरान किसानों को खड्डा विकासखंड के ग्राम दरगौली में उमेश के यहां केले की बागवानी तथा ग्राम रामनगर में पप्पू साहनी के यहां हल्दी की व्यावसायिक खेती का भी अवलोकन कराया गया।
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि मखाना की वैश्विक मांग बढ़ने के कारण पूर्वांचल में इसे जलीय फसल के रूप में बढ़ावा दिया जा रहा है। जनपद में चालू वर्ष से पांच हेक्टेयर क्षेत्रफल में किसानों के तालाबों में मखाना की खेती के लिए अनुदान दिया जा रहा है। उन्होंने किसानों से योजना का लाभ उठाकर मखाना उत्पादन से जुड़ने की अपील की।
भ्रमण के दौरान उद्यान निरीक्षक रणजीत यादव ने किसानों को परंपरागत खेती के साथ उद्यान एवं जलीय फसलों को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि फसल का चयन खेत की आवश्यकता, स्थानीय जलवायु और जल संरक्षण को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।
योजना प्रभारी ने टपक एवं फव्वारा सिंचाई संयंत्र की स्थापना पर 90 प्रतिशत तक अनुदान की जानकारी देते हुए किसानों को जल संरक्षण के साथ खेती की लागत कम करने के उपाय बताए।
कार्यक्रम में विभागीय क्षेत्रीय कर्मचारी गिरिजा शंकर यादव, प्रगतिशील किसान सुरेंद्र चौहान सहित प्रशिक्षण में शामिल किसान मौजूद रहे।
रिपोर्टर: ब्यूरों
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR