मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : जिलाधिकारी
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता और मुख्य विकास अधिकारी की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा व्यवस्थाओं और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
मातृत्व योजना के अंतर्गत मंत्रा ऐप पर लंबित भुगतानों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी लंबित भुगतान प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने को कहा। उन्होंने संबंधित एमवाईसी को अपने क्षेत्र में लंबित भुगतानों का एक सप्ताह में शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी पंजीकृत सरकारी और निजी अस्पतालों से प्रतिदिन निर्धारित समय पर प्रसव एवं मृत्यु का अद्यतन विवरण गूगल फॉर्म के माध्यम से अनिवार्य रूप से प्राप्त करने को कहा। उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ों के नियमित और सटीक संकलन पर जोर दिया, ताकि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की वास्तविक स्थिति की प्रभावी निगरानी की जा सके।
मातृ एवं शिशु मृत्यु के प्रत्येक प्रकरण की निष्पक्ष, विस्तृत और समयबद्ध जांच के लिए स्थायी समिति गठित करने के निर्देश दिए गए। समिति में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, संबंधित मजिस्ट्रेट और चिकित्सक शामिल होंगे। जांच में किसी अस्पताल, चिकित्सक या स्वास्थ्यकर्मी की लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए सुरक्षित, भयमुक्त और गरिमापूर्ण कार्य वातावरण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ऑक्सीजन व्यवस्था को सुदृढ़ रखने तथा आवश्यक धनराशि का समय से उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में शव वाहन की उपलब्धता और उपयोग की व्यवस्था की भी समीक्षा हुई। जिलाधिकारी ने आमजन को शव वाहन की उपलब्धता, संपर्क और उपयोग की प्रक्रिया की स्पष्ट एवं पारदर्शी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा।
इसके अलावा टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, 108 एवं 102 एंबुलेंस सेवा, आशाओं के भुगतान, कालाजार और फाइलेरिया सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही, अनावश्यक विलंब अथवा उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। दूरस्थ एवं वंचित क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच, पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड और एंबुलेंस सेवाओं की समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपदवासियों को सुलभ, सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। सभी अधिकारी और कर्मचारी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायतराज अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्टर:ब्यूरों
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR