टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। आगामी 11 अगस्त को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), देवरिया परिसर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में 19 प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। कंपनियों द्वारा युवक-युवतियों की दक्षता, कौशल और योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने रोजगार मेले की सभी तैयारियां और आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के निर्देश नोडल अधिकारी एवं राजकीय आईटीआई देवरिया के प्रधानाचार्य केके राम को दिए हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले में अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि इच्छुक अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार मिल सके।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि ब्लॉक स्तर से लेकर जनपद स्तर तक रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थियों को मेले में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इसलिए इसमें अधिकाधिक संख्या में अभ्यर्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए और कंपनियों द्वारा उनकी दक्षता, कौशल एवं योग्यता के आधार पर चयन किया जाए।
राजकीय आईटीआई देवरिया के प्रधानाचार्य केके राम ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने मूल आवेदन पत्र और आवश्यक अभिलेखों के साथ 11 अगस्त को सुबह 8:30 बजे आईटीआई परिसर में आयोजित रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि मेले में प्रतिभाग करने वाली कंपनियों द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। कंपनियों द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को 15 हजार से 25 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिए जाने की संभावना है।
उन्होंने जनपद के अधिक से अधिक युवाओं से रोजगार मेले में प्रतिभाग कर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR