स्थायी लोक अदालत का किया गया प्रचार-प्रसार, आमजन को दी गई आवश्यक जानकारी

स्थायी लोक अदालत का किया गया प्रचार-प्रसार, आमजन को दी गई आवश्यक जानकारी

बिना शुल्क और बिना अधिवक्ता के भी दाखिल किया जा सकता है वाद

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

कुशीनगर। जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुशीनगर संजीव कुमार त्यागी के निर्देश पर मंगलवार को स्थायी लोक अदालत के कार्यों और सुविधाओं के संबंध में आमजन एवं अधिवक्ताओं को जानकारी दी गई। स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष अंगद प्रसाद और सदस्य दीपाली सिन्हा ने उपस्थित लोगों को इसकी कार्यप्रणाली और उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया।

अध्यक्ष अंगद प्रसाद ने बताया कि स्थायी लोक अदालत में यातायात, डाक, टेलीफोन, बिजली, पानी, अस्पताल, बीमा सेवाओं और शिक्षा से संबंधित मामलों को सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारित कराने के लिए दाखिल किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि स्थायी लोक अदालत में वाद दाखिल करने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लगता है। इसके लिए अधिवक्ता की आवश्यकता भी नहीं होती। आमजन बिना अधिवक्ता के अपनी समस्या से संबंधित प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं।

स्थायी लोक अदालत की सदस्य दीपाली सिन्हा ने कहा कि इसके बारे में पर्याप्त जानकारी न होने के कारण कई लोग अपने मामलों का शीघ्र निस्तारण नहीं करा पाते। ऐसे में स्थायी लोक अदालत का व्यापक प्रचार-प्रसार आमजन को सुलभ और त्वरित न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।


जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव भुवन ने बताया कि स्थायी लोक अदालत में मामलों का त्वरित निस्तारण कराया जा सकता है और इसके लिए न तो किसी शुल्क की आवश्यकता है और न ही अधिवक्ता की। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास और रिश्तेदारों को भी स्थायी लोक अदालत की सुविधाओं की जानकारी दें, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने स्थायी लोक अदालत और उसकी कार्यवाहियों के प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन कुशीनगर के अध्यक्ष प्रमोद सिंह, महामंत्री नागेंद्र पति त्रिपाठी, पूर्व महामंत्री घनश्याम सिंह, अधिवक्ता राधेश्याम गुप्ता, सत्येंद्र दीक्षित, प्रदीप कुमार यादव, ध्रुव कुमार गोंड़, प्रेम कुमार यादव, असगर अली, अजय राय, हरिओम गोंड़, शैलेष सिंह, विभूति यादव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ