जननायक एक्सप्रेस में यात्री की अचानक मौत, सिसवा स्टेशन पर एक घंटे रुकी ट्रेन

जननायक एक्सप्रेस में यात्री की अचानक मौत, सिसवा स्टेशन पर एक घंटे रुकी ट्रेन

गोरखपुर-सिसवा के बीच बिगड़ी तबीयत, घर लौट रहे यात्री ने रास्ते में तोड़ा दम

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। पंजाब से अपने घर दरभंगा लौट रहे एक यात्री की मंगलवार देर शाम जननायक एक्सप्रेस में अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। गोरखपुर और सिसवा के बीच हुई इस घटना से ट्रेन में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। सिसवा स्टेशन पहुंचने पर मृतक के साथियों ने शव को ट्रेन से उतारकर रेलवे कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी।

मृतक की पहचान दरभंगा जिले के केवट गामा निवासी अर्जुन यादव (40) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अर्जुन पंजाब के सुंदरनगर में सिलाई का काम करता था और अपने साथी पंकज यादव व सजित यादव के साथ जननायक एक्सप्रेस से घर लौट रहा था।

जानकारी के अनुसार, अर्जुन काफी समय से बीमार चल रहा था। मंगलवार को ट्रेन से यात्रा के दौरान गोरखपुर और सिसवा के बीच अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। साथियों और सहयात्रियों ने उसे संभालने और मदद पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।


ट्रेन शाम करीब सात बजे सिसवा स्टेशन पहुंची। यहां साथियों ने अर्जुन के शव को ट्रेन से नीचे उतारा और रेलवे कर्मचारियों को सूचना दी। यात्री की मौत के कारण जननायक एक्सप्रेस सिसवा स्टेशन पर करीब एक घंटे तक खड़ी रही, जिससे स्टेशन पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ड्यूटी पर तैनात सहायक स्टेशन मास्टर प्रमोद कुमार ने बताया कि यात्री की मौत की सूचना रेलवे नियंत्रण कक्ष को दे दी गई है। साथ ही राजकीय रेलवे पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई है। पुलिस के पहुंचने के बाद शव के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अर्जुन की मौत से उसके साथ यात्रा कर रहे साथी सदमे में हैं। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। शव को घर ले जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ