डीएम की पहल से निराश्रित महिला का बना राशन कार्ड
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। भुजौली कॉलोनी निवासी प्रियंका जायसवाल पत्नी स्वर्गीय डिंपल जायसवाल ने जिलाधिकारी के समक्ष राशन कार्ड बनवाने और अन्य कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया था। उन्होंने बताया कि वह निराश्रित महिला हैं और आर्थिक तंगी से गुजर रही हैं। राशन कार्ड बनने और अन्य योजनाओं का लाभ मिलने से उन्हें काफी सहारा मिल सकेगा।
जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उप जिलाधिकारी सदर को महिला की वास्तविक स्थिति की जांच कर राशन कार्ड बनवाने तथा पात्रता के अनुसार अन्य योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर नायब तहसीलदार शिवेंद्र कौंडिल्य फरियादिनी के आवास पर पहुंचे और उनकी वास्तविक स्थिति की जांच की। इसके बाद ऑनलाइन आवेदन कराकर जिला पूर्ति अधिकारी के माध्यम से राशन कार्ड बनवाया गया। नायब तहसीलदार ने फरियादिनी को कंप्यूटरीकृत राशन कार्ड की प्रति भी उपलब्ध कराई।
समयबद्ध कार्रवाई से राशन कार्ड बनने पर फरियादिनी ने जिलाधिकारी के प्रति आभार जताया। जिलाधिकारी ने कहा कि वास्तविक और जरूरतमंद पात्र लोगों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने महिला को पात्रता के अनुसार अन्य योजनाओं से भी लाभान्वित कराने के निर्देश दिए।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR