बड़ी गंडक नदी में शव और अन्य सामग्री बहकर आने की आशंका, प्रशासन ने जारी किए सतर्कता के निर्देश
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोसी नदी में आई बाढ़ से भारी जन-धन की हानि होने के बाद बड़ी गंडक नदी में शव और अन्य सामग्री बहकर कुशीनगर के नदी क्षेत्र में आने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने और आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।इस संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी खड्डा एवं तमकुहीराज तथा जिला पंचायत राज अधिकारी को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी निगरानी रखते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
नदी में जाने पर पूर्ण रोक, लोगों को किया जाएगा जागरूक
प्रशासन ने आमजन को तेज बहाव वाली नदी में जाने से सख्ती से रोकने के निर्देश दिए हैं। शव अथवा बाढ़ के पानी के साथ बहकर आने वाली सामग्री को निकालने के प्रयास में लोग अपनी जान जोखिम में न डालें, इसके लिए सार्वजनिक चेतावनी, मुनादी और अन्य प्रचार माध्यमों से लोगों को जागरूक किया जाएगा।
संवेदनशील नदी क्षेत्रों, घाटों और संभावित प्रभावित स्थानों पर पुलिस एवं होमगार्ड के जवानों की तैनाती कर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना और जनहानि को रोका जा सके।
अज्ञात शव मिलने पर सुरक्षित और सम्मानजनक कार्रवाई
प्रशासन ने निर्देश दिया है कि बड़ी गंडक नदी में कोई अज्ञात शव मिलने पर उसे सुरक्षित एवं सम्मानजनक तरीके से नदी से बाहर निकालकर नियमानुसार पहचान और अग्रिम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके लिए आवश्यकतानुसार शव वाहन और अन्य व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखने को कहा गया है।
शव निकालने के दौरान किसी अधिकारी, कर्मचारी या स्थानीय व्यक्ति की जान जोखिम में न पड़े, इसके लिए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर जनपद में तैनात एसडीआरएफ और पीएसी की बाढ़ राहत इकाई का उपयोग किया जाएगा।
संदिग्ध वस्तुओं को न छुएं
नेपाल की ओर से बाढ़ के पानी के साथ विभिन्न प्रकार की सामग्री एवं वस्तुएं भी बहकर आने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध, संवेदनशील या अज्ञात वस्तु को न छुएं और न ही उसे उठाने का प्रयास करें। ऐसी कोई वस्तु दिखाई देने पर तत्काल पुलिस या संबंधित सुरक्षा अधिकारियों को सूचना दें।
हर सूचना का फोटो सहित होगा अभिलेखीकरण
नदी में शव अथवा अन्य महत्वपूर्ण या संवेदनशील सामग्री मिलने से संबंधित प्रत्येक सूचना का दिनांक, समय, स्थान और आवश्यक विवरण के साथ अलग रजिस्टर में फोटोग्राफ सहित अभिलेखीकरण कराया जाएगा। प्रत्येक घटना की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों और आपदा नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराई जाएगी।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि किसी भी सूचना को गंभीरता से लिया जाए और सूचना मिलते ही त्वरित, समन्वित एवं मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी परिस्थिति में तेज बहाव वाली नदी में प्रवेश न करें। नदी में शव अथवा कोई संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर स्वयं उसे निकालने या छूने के बजाय तत्काल प्रशासन और पुलिस को सूचना दें।
सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि उपरोक्त निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक सूचना समय से आपदा नियंत्रण कक्ष, कुशीनगर को उपलब्ध कराई जाए।
रिपोर्टर: यहाँ नाम लिखें
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR