ज्ञान कुंज एकेडमी से निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा भाटपार रानी

ज्ञान कुंज एकेडमी से निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा भाटपार रानी
विद्यार्थियों ने तिरंगा लहराकर दिया राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
भाटपार रानी, देवरिया। उपनगर स्थित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान ज्ञान कुंज एकेडमी के विद्यार्थियों द्वारा हर घर तिरंगा अभियान एवं आजादी के महानायकों और वीर शहीदों की स्मृति में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ आमजन में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना रहा।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ विद्यालय परिसर से प्रबंधक राजेश कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज और देशभक्ति के नारों के साथ विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक यात्रा में सहभागिता की।
तिरंगा यात्रा बेलपार ढाला, केन यूनियन एवं मालवीय रोड होते हुए मदन मोहन मालवीय पीजी कॉलेज परिसर पहुंची। यहां शिक्षाविद् एवं राष्ट्रनिर्माता महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद यात्रा बाजार से होते हुए भाटपार रानी टाउन एरिया कार्यालय परिसर पहुंची और वहां से पुनः विद्यालय परिसर में आकर समाप्त हुई।
यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने “तिरंगा हमारी शान है, भारत की पहचान है” और “घर-घर तिरंगा फहराएं, आजादी की याद दिलाएं” जैसे देशभक्ति के नारे लगाए। इन नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूतों और देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया। यात्रा में शामिल लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा का संकल्प भी लिया।
विद्यालय परिवार ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि हमारे गौरव, त्याग, एकता और स्वतंत्रता का प्रतीक है। यह प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देता है।
तिरंगा यात्रा के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिली। पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने यात्रा में सहभागिता कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
एकेडमी परिवार की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा के माध्यम से “राष्ट्र प्रथम” की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का सार्थक प्रयास किया गया।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ