ईवीएम एवं वीवीपैट गोदाम का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

ईवीएम एवं वीवीपैट गोदाम का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही न बरतने के दिए निर्देश

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

कुशीनगर। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने सोमवार को निर्वाचन कार्यालय परिसर स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट गोदाम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोदाम में रखी इलेक्ट्रॉनिक मतदान मशीनों और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, निगरानी एवं रिकॉर्डिंग व्यवस्था, प्रवेश और निकास नियंत्रण, दोहरी ताला व्यवस्था, सील की स्थिति तथा अभिलेखों के रख-रखाव की जानकारी ली। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों और सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्थाओं की स्थिति भी परखी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि ईवीएम एवं वीवीपैट गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सीसीटीवी निगरानी प्रणाली लगातार सक्रिय रखने के साथ उसकी रिकॉर्डिंग की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीलिंग प्रक्रिया और अभिलेखों के रख-रखाव में पूरी सावधानी एवं पारदर्शिता बरतने को कहा।

उन्होंने गोदाम का नियमित अंतराल पर निरीक्षण एवं सत्यापन कराने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।

इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी वैभव मिश्रा सहित निर्वाचन कार्यालय के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ