डीएम एवं एसपी ने जिला कारागार का किया आकस्मिक निरीक्षण
बंदियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन, बेहतर स्वास्थ्य सुविधा और विधिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने शनिवार को जिला कारागार का आकस्मिक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने महिला बैरक का निरीक्षण करते हुए महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने तथा उनके नियमित टीकाकरण सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
कारागार की पाकशाला के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बंदियों को मानक के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विशेष सुरक्षा वाले बैरकों में निगरानी और अधिक मजबूत करने तथा बंदियों की गतिविधियों पर प्रभावी नजर रखने को कहा।
जेल चिकित्सालय में भर्ती बंदियों के संबंध में उन्होंने समुचित उपचार सुनिश्चित करने तथा अनावश्यक रूप से किसी बंदी को अस्पताल में भर्ती न रखने के निर्देश दिए। साथ ही कम उम्र के बंदियों एवं महिला बंदियों को कौशल विकास योजनाओं से जोड़कर उनके कौशल विकास पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने "एक जेल, एक उत्पाद" के तहत बंदियों द्वारा निर्मित उत्पादों की गुणवत्ता और उत्पादकता बढ़ाने के साथ उनकी उचित बिक्री की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जाए, ताकि बंदियों को उनकी मेहनत का उचित लाभ मिल सके।
उन्होंने 70 वर्ष से अधिक आयु के सिद्धदोष पुरुष बंदियों तथा 60 वर्ष से अधिक आयु की सिद्धदोष महिला बंदियों की दया याचिका एवं समयपूर्व रिहाई के लिए नियमानुसार प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए।
जिन बंदियों को अधिवक्ता संबंधी विधिक सहायता नहीं मिल पा रही है, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से शासकीय अधिवक्ता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि उनके मामलों की प्रभावी पैरवी हो सके।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाए रखने तथा प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने को कहा।
निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक आशीष रंजन सहित अन्य जेल अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR