डीएम ने की आईटीआई व कौशल विकास विभाग की समीक्षा, रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण पर दिया जोर
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कौशल विकास एवं आईटीआई विभाग की समीक्षा बैठक कर युवाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने आईटीआई के प्रधानाचार्यों से कहा कि सभी ट्रेडों का प्रशिक्षण गुणवत्ता के साथ संचालित किया जाए, ताकि प्रशिक्षित युवा रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता बनाए रखने और युवाओं को कौशलयुक्त बनाने पर विशेष बल दिया।
कौशल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने प्रोजेक्ट प्रवीण कार्यक्रम से कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की छात्राओं को जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही सभी आईटीआई प्रधानाचार्यों, अनुदेशकों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ 8 अगस्त को गूगल मीट आयोजित करने और पूरी तैयारी के साथ उसमें प्रतिभाग करने को कहा।
उन्होंने कहा कि कौशल विकास विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। इसके लिए योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा रोजगार की मांग के अनुरूप नए ट्रेड विकसित किए जाएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने भी युवाओं को कौशल विकास कार्यक्रमों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया।
11 अगस्त को लगेगा वृहद रोजगार मेला
समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने 11 अगस्त को राजकीय आईटीआई परिसर में आयोजित होने वाले वृहद रोजगार मेले की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने तथा विकास खंड स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक युवा रोजगार मेले का लाभ उठा सकें।
प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई देवरिया के. राम ने बताया कि रोजगार मेला 11 अगस्त को सुबह 8:30 बजे आईटीआई परिसर में आयोजित होगा। मेले में 19 प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी, जो चयनित अभ्यर्थियों को 15 हजार से 25 हजार रुपये प्रतिमाह तक के रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी। उन्होंने इच्छुक अभ्यर्थियों से सभी मूल प्रमाणपत्र एवं आवश्यक अभिलेखों के साथ समय पर पहुंचकर प्रतिभाग करने की अपील की।
बैठक में आईटीआई के प्रधानाचार्य, कौशल विकास विभाग के अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर


0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR