डीएम ने कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा की, प्राकृतिक खेती और एफपीओ को बढ़ावा देने के दिए निर्देश
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कृषि, भूमि संरक्षण, उद्यान, मत्स्य एवं अन्य संबद्ध (एलाइड) विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों से जुड़ी सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को अधिक सक्रिय और सशक्त बनाने पर जोर देते हुए उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों एवं कृषि आधारित गतिविधियों का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। उन्होंने 10 से 14 अगस्त तक एफपीओ के विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कराने के साथ प्रत्येक विकास खंड में कृषि क्लस्टर विकसित करने तथा प्रत्येक क्लस्टर के लिए नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए।उन्होंने मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना के अंतर्गत क्लस्टरवार चयनित गांवों का विवरण उपलब्ध कराने तथा रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया।
भूमि संरक्षण विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विभागीय योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित करने के निर्देश दिए। वहीं मत्स्य विभाग की समीक्षा में जनपद की 29 मत्स्य समितियों को सक्रिय बनाने तथा मत्स्य पालकों और मछुआरों को नाव, फिशिंग नेट, मोपेड सहित शासन की अनुमन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला मत्स्य अधिकारी को प्रत्येक तहसील के मत्स्य पट्टों का अद्यतन विवरण रखने और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि कृषि एवं संबद्ध विभागों की सभी योजनाओं का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक बिना किसी शिथिलता के पहुंचे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह, जिला मत्स्य अधिकारी, उद्यान अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, एआर कोऑपरेटिव, कृषि विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर


0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR