डीएम ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की, मातृ-शिशु मृत्यु दर घटाने पर दिया जोर

डीएम ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की, मातृ-शिशु मृत्यु दर घटाने पर दिया जोर

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पात्र लाभार्थियों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से पहुंचे तथा जनपद में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।


बैठक में जिलाधिकारी ने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) कार्य में रुचि नहीं ले रहे हैं या लगातार लापरवाही बरत रहे हैं, उनके विरुद्ध निष्कासन की प्रक्रिया शुरू की जाए।

उन्होंने बीएचएसएनडी सत्रों के प्रभावी संचालन पर जोर देते हुए निर्देश दिया कि आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नियमित रूप से गांवों में भ्रमण कर लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करें। साथ ही प्रत्येक मातृ एवं शिशु मृत्यु का ऑडिट कर उसके कारणों का विश्लेषण करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।


जिलाधिकारी ने आशा कार्यकर्ताओं के लंबित भुगतान का समय से निस्तारण सुनिश्चित करने तथा बीएचएसएनडी सत्रों के लिए आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस माह किसी भी आंगनबाड़ी केंद्र पर आवश्यक उपकरणों की कमी नहीं होनी चाहिए। यदि किसी स्तर पर कमी पाई जाती है तो संबंधित एमओआईसी एवं खंड विकास अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

उन्होंने आभा आईडी (ABHA ID) बनाने में तेजी लाने तथा जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम सहित स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाओं के लक्ष्यों को समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।


बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल, सीएमएस डॉ. के. मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी आदेश मिश्रा, एसीएमओ, डिप्टी सीएमओ, विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि, एमओआईसी, बीपीएम एवं बीसीपीएम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ