जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को प्रशासन प्रतिबद्ध : जिलाधिकारी

जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को प्रशासन प्रतिबद्ध : जिलाधिकारी

सम्पूर्ण समाधान दिवस में 43 शिकायतें प्राप्त, छह मामलों का मौके पर निस्तारण

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

कुशीनगर। तहसील तमकुहीराज के सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित जनसमस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि राजस्व, पुलिस, विकास, समाज कल्याण, विद्युत, वन सहित अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों की मौके पर जांच कर पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।


उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए। भूमि विवाद और पारिवारिक मामलों जैसे संवेदनशील प्रकरणों में राजस्व एवं पुलिस विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 43 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें राजस्व विभाग से संबंधित 18, पुलिस विभाग से सात, विकास विभाग से दो तथा अन्य विभागों से संबंधित 16 मामले शामिल रहे। इनमें से छह मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य किया जाना चाहिए।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी तमकुहीराज कुणाल गौरव, परियोजना निदेशक पीयूष, जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायतराज अधिकारी आलोक प्रियदर्शी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, उप कृषि निदेशक, जिला पूर्ति अधिकारी सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी तथा तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ