जनपद में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने लगाया भव्य कृषि ऋण शिविर
किसानों और अन्य लाभार्थियों के लिए करीब 25 करोड़ रुपये के ऋण एवं संभावित ऋण प्रस्तावों की पहल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, गोरखपुर क्षेत्र की ओर से देशव्यापी कृषि ऋण पहुंच अभियान के तहत सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित जिला पंचायत सभागार में भव्य कृषि ऋण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान, ग्राहक, महिलाएं और अन्य लाभार्थी शामिल हुए।
शिविर का उद्देश्य किसानों और जरूरतमंद लाभार्थियों को बैंक की विभिन्न ऋण एवं वित्तीय सेवाओं से जोड़कर सरल, सुगम और त्वरित बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा। इस दौरान करीब 25 करोड़ रुपये के ऋण एवं संभावित ऋण प्रस्तावों की पहल की गई।
आयोजन स्थल पर बैंक की ओर से विभिन्न विशेष काउंटर लगाए गए, जहां ग्राहकों को बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इनमें ‘आपकी पूंजी, आपका अधिकार’, पुनः केवाईसी, केंद्रीय केवाईसी, यूआरसी, ऑनलाइन खाता खोलने और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित सेवाएं प्रमुख रहीं।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) गुलाब सिंह, उप निदेशक कृषि अतीन्द्र सिंह, उपायुक्त राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन फैसल आलम, डीडीएम नाबार्ड राहुल वी. यादव, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रमुख विभोर अग्रवाल, अग्रणी जिला प्रबंधक संतोष कुमार, मुख्य प्रबंधक चंद्रिका प्रसाद सिंह सहित बैंक और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय प्रमुख विभोर अग्रवाल ने कहा कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया अपने ग्राहकों की आवश्यकताओं के अनुरूप त्वरित, सुगम और सुलभ वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बैंक की ओर से कई ग्राहक-केंद्रित ऋण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
वरिष्ठ प्रबंधक अमन ने बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं, डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं और अन्य ग्राहक-केंद्रित सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने किसानों और ग्राहकों को बैंक की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया तथा वित्तीय सेवाओं के माध्यम से कृषि एवं स्वरोजगार गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में अग्रणी जिला प्रबंधक संतोष कुमार ने अतिथियों, किसानों, ग्राहकों और बैंक अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कृषि ऋण शिविर बैंक और ग्राहकों के बीच संवाद एवं वित्तीय समावेशन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। शिविर के माध्यम से किसानों और अन्य लाभार्थियों को विभिन्न ऋण एवं वित्तीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा अपनी जरूरत के अनुसार वित्तीय सहायता हासिल करने का अवसर मिला।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR