दिव्यांग को मिली ट्राइसाइकिल, असहाय महिला को मिला योजनाओं का सहारा

दिव्यांग को मिली ट्राइसाइकिल, असहाय महिला को मिला योजनाओं का सहारा

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के जनता दर्शन में बुधवार को एक दिव्यांग व्यक्ति और एक गंभीर रूप से बीमार असहाय महिला अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। दोनों की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल राहत और सरकारी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।


ग्राम सोनहुला रामनगर निवासी दिव्यांग कल्पनाथ ने ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने की मांग की। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला दिव्यांगजन अधिकारी ने तुरंत पत्रावली तैयार कराई और दिव्यांगजन विभाग द्वारा उन्हें ट्राइसाइकिल उपलब्ध करा दी गई।

वहीं ग्राम सिरजम निवासी पूजा देवी, जिनकी दोनों किडनी खराब हैं, ने आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। जिलाधिकारी ने उन्हें राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और जिला प्रोबेशन विभाग की योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही उनकी दो छोटी पुत्रियों को कन्या सुमंगला योजना समेत बाल कल्याण विभाग की योजनाओं से लाभान्वित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए भी परिवार को प्रेरित किया। त्वरित कार्रवाई से दोनों फरियादी भावुक हो उठे और प्रशासन के प्रति आभार जताया। जनता दर्शन में मौजूद लोगों ने भी जिलाधिकारी की इस मानवीय और संवेदनशील पहल की सराहना की।



रिपोर्टर: पवन कुमार

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ