चोरी की बाइक के साथ एक अभियुक्त गिरफ्तार
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
भाटपार रानी/बनकटा, देवरिया। पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बनकटा पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में एक अगस्त को बनकटा पुलिस संदिग्ध वाहन, वस्तु एवं व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने रामपुर बुजुर्ग चेक पोस्ट के पास से रजनीश चौरसिया (22) पुत्र शैलेश चौरसिया, निवासी परसिया बुजुर्ग, थाना मैरवा, जिला सिवान (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से काले रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट BR29AK6568 लगी हुई थी। जांच में बाइक का वास्तविक पंजीकरण नंबर BR29X5071 पाया गया।
पूछताछ में अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि उसने उक्त मोटरसाइकिल कुछ माह पूर्व बिहार के सिवान जिले के मैरवा से चोरी की थी। बाइक की पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसने उसकी नंबर प्लेट बदल दी थी। पुलिस द्वारा वास्तविक वाहन स्वामी से संपर्क किए जाने पर उन्होंने भी करीब छह माह पूर्व मैरवा से बाइक चोरी होने की पुष्टि की।
बरामदगी के आधार पर बनकटा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 193/2026 के तहत धारा 317(2), 341(2) बीएनएस में अभियोग दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास
मुकदमा अपराध संख्या 37/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम, थाना बनकटा, जनपद देवरिया।
मुकदमा अपराध संख्या 193/2026, धारा 317(2), 341(2) बीएनएस, थाना बनकटा, जनपद देवरिया।
रिपोर्टर: बृजेश मिश्रा
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR