स्कूल वाहनों की सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अनफिट वाहन मिलने पर विद्यालय प्रबंधन होगा जिम्मेदार : जिलाधिकारी
कुशीनगर में 163 स्कूल वाहन अनफिट, 59 के पंजीयन निलंबित; अगली बैठक से पहले सुरक्षा समिति की बैठक अनिवार्य
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विद्यालय यान सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में शिक्षा, परिवहन, पुलिस, लोक निर्माण और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ जिले के विद्यालयों के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य शामिल हुए।
बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने स्कूली वाहनों की सुरक्षा और विनियमन के लिए संचालित ‘मिशन सेफ फ्यूचर-2.0’ की जानकारी दी। बताया गया कि जिले में कुल 163 स्कूल वाहन अनफिट पाए गए हैं। इन वाहनों और संबंधित विद्यालयों को तीन बार नोटिस जारी किया जा चुका है। 163 अनफिट वाहनों में से 59 के पंजीयन निलंबित किए जा चुके हैं, जबकि शेष के खिलाफ कार्रवाई जारी है।
विद्यालय यान सुरक्षा समिति के गठन और उसकी नियमित बैठक की भी समीक्षा की गई। जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि अब तक केवल 26 विद्यालयों में समिति की बैठक हुई है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए सभी विद्यालयों में समिति का गठन कर नियमित बैठक कराने तथा बैठक की कार्यवृत्त जिला विद्यालय यान सुरक्षा समिति को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्कूल वाहनों का संचालन फिटनेस प्रमाण-पत्र, पंजीयन प्रमाण-पत्र, परमिट, प्रदूषण प्रमाण-पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज पूरे होने के बाद ही किया जाए। चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस का परीक्षण, पुलिस सत्यापन तथा वर्ष में कम से कम एक बार स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण भी अनिवार्य रूप से कराया जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि एक भी अनफिट स्कूल वाहन संचालित मिला तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय प्रबंधन या प्रधानाचार्य की होगी। सभी विद्यालयों को अगली बैठक से पहले विद्यालय यान सुरक्षा समिति का गठन कर उसकी बैठक कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग को थानेवार अनफिट स्कूल वाहनों की सूची पुलिस और शिक्षा विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। एआरटीओ ने बताया कि सूची संबंधित विभागों को उपलब्ध करा दी गई है। जिलाधिकारी ने पुलिस और परिवहन विभाग को निर्देशित किया कि अनफिट वाहन संचालित मिलने पर उन्हें थाने में निरुद्ध किया जाए और फिटनेस पूर्ण होने के बाद ही छोड़ा जाए।
शिक्षा विभाग को निर्देश दिया गया कि जिन विद्यालयों ने स्कूल वाहनों का फिटनेस और आवश्यक प्रपत्र पूरे नहीं कराए हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी विद्यालयों से प्रमाण-पत्र प्राप्त किया जाए कि उनके यहां संचालित सभी वाहनों का फिटनेस, परमिट और अन्य आवश्यक दस्तावेज पूर्ण हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। संबंधित विभाग और विद्यालय प्रबंधन अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्वहन सुनिश्चित करें।
बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और विद्यालयों के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य मौजूद रहे।
रिपोर्टर:ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR