शिकारपुर में गड्ढे में जा गिरी बेलोनो कार, चालक बाल-बाल बचा

शिकारपुर में गड्ढे में जा गिरी बेलोनो कार, चालक बाल-बाल बचा

अगला बायां टायर फटने से हुआ हादसा, क्रेन की मदद से निकाली गई क्षतिग्रस्त कार

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। रविवार को शिकारपुर-सिंदुरिया मार्ग पर शिकारपुर चौराहे से करीब 100 मीटर पहले एक बेलोनो कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में कार चालक बाल-बाल बच गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

बताया जा रहा है कि कार बल्लो की ओर से शिकारपुर की तरफ आ रही थी। इसी दौरान अचानक कार का अगला बायां टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क के पूरब किनारे स्थित पानी भरे गड्ढे में जा गिरी।

हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाद में क्रेन की सहायता से कार को गड्ढे से बाहर निकाला गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बेलोनो कार बल्लो निवासी मनीष जायसवाल की बताई जा रही है। कार की नंबर प्लेट पर अभी नंबर अंकित नहीं होने की भी बात सामने आई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे बने गड्ढों और उनमें पानी भरने की समस्या को लेकर चिंता जताई। उन्होंने संबंधित विभाग से सड़क की स्थिति दुरुस्त कराने की मांग की है।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ