महराजगंज की कबड्डी को मिली बड़ी उड़ान, विवेक वर्मा बने यूपी एसोसिएशन के संयुक्त सचिव

महराजगंज की कबड्डी को मिली बड़ी उड़ान, विवेक वर्मा बने यूपी एसोसिएशन के संयुक्त सचिव

प्रदेश संगठन में मिली अहम जिम्मेदारी, जिले के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। नवजीवन कबड्डी अकादमी, महराजगंज के खिलाड़ी एवं जिला कबड्डी एसोसिएशन के सचिव विवेक वर्मा को उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन का संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। प्रदेश संगठन में मिली इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से महराजगंज के कबड्डी जगत में खुशी की लहर है।

बताया गया कि उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं अयोध्या के पूर्व सांसद के पुत्र विकास सिंह ने विवेक वर्मा को यह जिम्मेदारी सौंपी है।

विवेक वर्मा लंबे समय से कबड्डी खेल के विकास के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। खिलाड़ी के रूप में मैदान पर अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ ही उन्होंने महराजगंज में कबड्डी को बढ़ावा देने और स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किया है। उनके प्रदेश स्तरीय संगठन में शामिल होने से जिले के खिलाड़ियों में नई उम्मीद जगी है।

जिला कबड्डी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि विवेक वर्मा के अनुभव, सक्रियता और खेल के प्रति समर्पण से उत्तर प्रदेश में कबड्डी को नई दिशा मिलेगी। साथ ही महराजगंज की प्रतिभाओं को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर मंच दिलाने में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

नवनियुक्त संयुक्त सचिव विवेक वर्मा ने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसके लिए वह अध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारियों के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे तथा महराजगंज सहित पूरे प्रदेश की कबड्डी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।

विवेक वर्मा की नियुक्ति पर जिला कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. सिद्धार्थ सहित पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ