बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता का वेतन रोकने के निर्देश जल निगम, सिंचाई, लघु सिंचाई, नलकूप और बाढ़ परियोजनाओं की डीएम ने की समीक्षा
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में जल निगम, विद्युत, सिंचाई, बाढ़ एवं नलकूप विभाग की समीक्षा बैठक की। नगर पालिका क्षेत्र में निर्माणाधीन नाले के रास्ते में बाधा बन रहे विद्युत पोल की शिफ्टिंग समय से पूरी न होने पर उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत (सदर) से स्पष्टीकरण तलब करते हुए वेतन रोकने के निर्देश दिए।
डीएम ने सभी निर्माण परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। जल निगम (ग्रामीण) की परियोजनाओं के लिए आवश्यक भूमि तत्काल उपलब्ध कराने को कहा। ओवरहेड टैंक निर्माण के लिए सलेमपुर में 8, सदर में 15, रुद्रपुर में 3, बरहज में 2 और भाटपाररानी में एक स्थान पर भूमि की आवश्यकता बताई गई।
उन्होंने जल निगम को क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने और पेयजल पाइपलाइन की जांच कर अंतिम छोर तक पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग को रजवाहों की सफाई कर टेल तक पानी पहुंचाने तथा कार्यों के फोटोग्राफ उपलब्ध कराने को कहा।
बाढ़ विभाग को निर्माणाधीन परियोजनाएं समय से पूरी करने, बाढ़ शिविरों के लिए विद्यालयों की सूची और प्रधानाचार्यों के मोबाइल नंबर तैयार रखने तथा पर्याप्त राहत सामग्री उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। लघु सिंचाई विभाग को अधिक से अधिक किसानों को योजनाओं से जोड़ने, प्राथमिकता के आधार पर निःशुल्क बोरिंग सुविधा उपलब्ध कराने और रूफ वाटर हार्वेस्टिंग को प्रभावी ढंग से लागू करने को कहा।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि जनहित से जुड़ी परियोजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी वीके सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्टर: पवन कुमार
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR