व्यापारियों की समस्याओं और बाजार की व्यवस्थाओं को लेकर नगर पालिका में हुई बैठक

व्यापारियों की समस्याओं और बाजार की व्यवस्थाओं को लेकर नगर पालिका में हुई बैठक

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

बरहज, देवरिया। नगर पालिका परिषद गौरा बरहज कार्यालय में बरहज नगर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों की समस्याओं, बाजार की व्यवस्थाओं और व्यापार हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक में बाजार में पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाने, वेंडिंग जोन को सुव्यवस्थित कर छोटे व्यापारियों को बेहतर स्थान उपलब्ध कराने तथा नगर में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर विचार-विमर्श किया गया।



इसके अलावा अधिक से अधिक पात्र व्यापारियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ दिलाने, युवाओं को स्व-रोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री युवा योजना के प्रति जागरूक करने तथा श्रमिक पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल बनाने पर भी चर्चा हुई।

व्यापारियों ने विद्युत व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं भी बैठक में रखीं। इन समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही गई। बाजार में साफ-सफाई, आवागमन, पार्किंग और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।


नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल ने कहा कि व्यापारियों की सुविधा, बाजार की बेहतर व्यवस्था और बरहज के समग्र विकास के लिए नगर पालिका परिषद प्रतिबद्ध है। व्यापारियों के सुझाव और सहयोग नगर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके सुझावों को प्राथमिकता देते हुए बरहज के बाजारों को अधिक सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार प्रयास किया जाएगा।

बैठक में पूर्व सभासद एवं व्यापारी नेता हरिशंकर चौरसिया, रामकेश्वर जायसवाल, नगर व्यापार मंडल के कार्यवाहक अध्यक्ष पी.के. मद्देशिया, घनश्याम कुशवाहा, प्रभाकर उपाध्याय, संतोष वर्मा, महेश जायसवाल, विनय शर्मा, दीपक वर्मा, विक्की जायसवाल, सुनील जायसवाल, मो. डम्पी, मो. इफ्तिखार अंसारी, मनोज बरनवाल सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।



रिपोर्टर: पवन कुमार पांडेय

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ