प्रदेश स्तरीय महिला खेल प्रतियोगिताओं के लिए जिला एवं मंडलीय चयन ट्रायल की तिथियां घोषित
महिला खिलाड़ियों का चयन कबड्डी, जिम्नास्टिक, बास्केटबॉल और हैंडबॉल प्रतियोगिताओं के लिए होगा
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार प्रदेश स्तरीय महिला खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग के लिए जिला एवं मंडल स्तर पर चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि विभिन्न खेलों के लिए चयन प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न होगी।
उन्होंने बताया कि कबड्डी महिला वर्ग के लिए जिला स्तरीय चयन ट्रायल 16 जुलाई 2026 को प्रातः 11 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम, कुशीनगर में आयोजित होगा। मंडलीय चयन ट्रायल 17 जुलाई 2026 को प्रातः 10 बजे रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम, गोरखपुर में होगा, जबकि प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता 4 से 6 अगस्त 2026 तक आगरा में आयोजित की जाएगी।
जिम्नास्टिक महिला वर्ग के लिए जिला चयन ट्रायल 20 जुलाई 2026 को प्रातः 11 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम, कुशीनगर में होगा। मंडलीय चयन ट्रायल 21 जुलाई 2026 को प्रातः 10 बजे रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम, गोरखपुर में आयोजित किया जाएगा। इस वर्ग की प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता 4 एवं 5 अगस्त 2026 को आगरा में होगी।
बास्केटबॉल महिला वर्ग का जिला चयन ट्रायल 17 जुलाई 2026 को प्रातः 10 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम, कुशीनगर में आयोजित होगा। मंडलीय चयन ट्रायल 21 जुलाई 2026 को प्रातः 10 बजे रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम, गोरखपुर में होगा, जबकि प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता 27 से 29 जुलाई 2026 तक बरेली में आयोजित की जाएगी।
हैंडबॉल महिला वर्ग का जिला चयन ट्रायल 22 जुलाई 2026 को प्रातः 11 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम, कुशीनगर में आयोजित किया जाएगा। मंडलीय चयन ट्रायल 23 जुलाई 2026 को प्रातः 10 बजे रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम, गोरखपुर में होगा तथा प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता 27 से 29 जुलाई 2026 तक बरेली में आयोजित की जाएगी।
जिला क्रीड़ा अधिकारी ने जनपद के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों से अपील की है कि वे अपनी महिला खिलाड़ियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर चयन ट्रायल में प्रतिभाग के लिए भेजना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपदीय चयन ट्रायल में केवल जनपद कुशीनगर की महिला खिलाड़ी ही प्रतिभाग कर सकेंगी।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक खिलाड़ी को आयु प्रमाण के रूप में हाईस्कूल का प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड अथवा नगर निकाय द्वारा जारी जन्म प्रमाण-पत्र में से कोई एक अभिलेख अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा। आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के बाद ही खिलाड़ियों को जिला एवं मंडलीय चयन ट्रायल में शामिल किया जाएगा।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR