कुशीनगर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन, 104 युवाओं का विभिन्न कंपनियों में चयन
315 अभ्यर्थियों ने लिया साक्षात्कार में भाग, चयनित युवाओं को मिलेगा 10 से 25 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर।
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अंतर्गत मंगलवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), पडरौना परिसर में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन एवं राजकीय आईटीआई के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न निजी कंपनियों ने प्रतिभाग करते हुए युवाओं का साक्षात्कार लिया, जिसमें 104 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।रोजगार मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य पिछड़ा आयोग के सदस्य फूलबदन कुशवाहा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने आईटीआई परिसर में पौधरोपण भी किया। अपने संबोधन में उन्होंने रोजगार मेले को "रोजगार आपके द्वार" की सार्थक पहल बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं से रोजगार मेलों का लाभ उठाने की अपील की।
रोजगार मेले में कुल आठ प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इनमें फ्लुएंट ग्रिड (मीटर रीडर), भारत फोर्स मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड, महिन्द्रा एण्ड महिन्द्रा प्राइवेट लिमिटेड, एमआरएफ प्राइवेट लिमिटेड, टाटा क्यूमिन्स प्राइवेट लिमिटेड, टीडीके प्राइवेट लिमिटेड, लेनोवो ग्रुप ऑफ कम्पनीज तथा स्वतंत्र फीन लिमिटेड शामिल रहीं।
मेले में कुल 315 अभ्यर्थियों ने विभिन्न कंपनियों के लिए साक्षात्कार दिया। चयन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 104 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में रोजगार के लिए चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को 10 हजार से 25 हजार रुपये प्रतिमाह तक का वेतन मिलेगा।
इस अवसर पर नोडल प्रधानाचार्य एवं जिला समन्वयक, कौशल विकास मिशन आलोक कुमार मौर्य, जिला कौशल प्रबंधक अभय श्रीवास्तव, जिला कार्यक्रम प्रबंधक विनय पाण्डेय, आर्यन श्रीवास्तव, बीपीएम एवं मेला प्रभारी मुकुल कुमार सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR