पारिवारिक कलह के बीच विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान

पारिवारिक कलह के बीच विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान

घर के अंदर साड़ी के फंदे से लटका मिला शव, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य; पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के सोहट नौका टोला गांव में मंगलवार सुबह एक 26 वर्षीय विवाहिता का शव घर के अंदर साड़ी के फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।

मृतका की पहचान पुष्पा देवी (26) पत्नी धर्मेंद्र श्रीवास्तव, निवासी सोहट नौका टोला, थाना कोठीभार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पारिवारिक विवाद के चलते महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

सूचना मिलने पर कोठीभार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।

घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ