मोबाइल छीनकर भागने वाले दो शातिर गिरफ्तार, बाल अपचारी भी अभिरक्षा में
लूटा गया मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद, धरमौली नहर पुल के पास पुलिस ने की कार्रवाई
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। श्यामदेउरवां थाना पुलिस ने मोबाइल छिनैती की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल एक बाल अपचारी को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी (आईपीएस) के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ (पीपीएस) तथा क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम (पीपीएस) के पर्यवेक्षण में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार 4 जुलाई 2026 को एक युवती का मोबाइल फोन छीनकर आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे। पीड़िता की तहरीर पर थाना श्यामदेउरवां में मुकदमा अपराध संख्या 195/2026, धारा 303(2) एवं 317(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने मंगलवार को धरमौली नहर पुल के पास से अमन कुमार पुत्र फूलचंद तथा मंदीप कुमार पुत्र राजकुमार, दोनों निवासी ग्राम बनकटिया, थाना श्यामदेउरवां को गिरफ्तार कर लिया। उनके साथ वारदात में शामिल एक बाल अपचारी को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से पीड़िता का नोकिया 2.3 मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त यूपी-56 बीबी-0631 नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया, जबकि बाल अपचारी के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी परतावल उपनिरीक्षक आलोक कुमार राय, उपनिरीक्षक शुभम कुमार चौबे तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR