जलभराव से गंदे पानी में निकलने को मजबूर वार्डवासी, समस्या के समाधान की मांग को लेकर धरने पर बैठे कांग्रेस कार्यकर्ता
स्थानीय लोगों की शिकायतों के बावजूद नहीं हुआ समाधान
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
बरहज, देवरिया।
नगर पालिका परिषद गौरा बरहज के वार्ड संख्या-18 स्थित लवरछी की पूर्वी दलित बस्ती में जलभराव की समस्या को लेकर मंगलवार को कांग्रेस प्रवक्ता रविप्रताप सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने धरना दिया। बस्ती में लंबे समय से जलभराव होने के कारण लोगों को गंदे पानी और कीचड़ से होकर आने-जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बस्ती के लगभग 20 परिवारों के घरों के सामने वर्षों से जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इसके चलते घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। गंदे पानी, कीचड़ और बदबू के कारण लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है तथा मलेरिया, डेंगू सहित अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। बस्तीवासियों का आरोप है कि उन्होंने कई बार नगर पालिका प्रशासन से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
समस्या की जानकारी मिलने पर कांग्रेस प्रवक्ता रविप्रताप सिंह बस्ती पहुंचे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं व वार्डवासियों के साथ जलभराव स्थल पर ही धरने पर बैठ गए। धरने की सूचना मिलते ही नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी निरुपमा प्रताप, जूनियर इंजीनियर (जेई) तथा अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान रविप्रताप सिंह ने अधिशासी अधिकारी को समस्या से अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
बाद में नायब तहसीलदार रविन्द्र मौर्य भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने उच्च अधिकारियों से वार्ता कर जल्द समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त हुआ।
इस अवसर पर कांग्रेस प्रवक्ता रविप्रताप सिंह ने ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि 19 जुलाई तक जलभराव की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो दलित बस्ती के निवासियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ शहीद अंशुमान सिंह के शहादत दिवस पर आमरण अनशन शुरू किया जाएगा।
धरने के दौरान भोला तिवारी, डॉ. शैलेन्द्र जायसवाल, बृजेश सिंह, कृष्णा सिंह, उत्तम सिंह, गोल्डन सिंह सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक एवं नगर पालिका के कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: यहाँ नाम लिखें
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR