विश्व युवा कौशल दिवस पर राजकीय आईटीआई पडरौना में प्रदर्शनी एवं सम्मान समारोह आयोजित
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तत्वावधान में मंगलवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), पडरौना परिसर में प्रदर्शनी एवं प्रशस्ति-पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रशिक्षुओं, चयनित अभ्यर्थियों एवं अप्रेंटिसशिप को बढ़ावा देने वाले प्रतिष्ठानों को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक मनीष जायसवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता त्रिभुवन नारायण सिंह, प्रमोद गौतम, सौरभ जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अतिथियों ने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न प्रशिक्षण स्टॉलों का अवलोकन किया तथा प्रशिक्षुओं द्वारा तैयार उत्पादों एवं परियोजनाओं की सराहना की।
अपने संबोधन में विधायक मनीष जायसवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की विभिन्न योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करा रही हैं। उन्होंने युवाओं से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने कौशल का विकास करने और उज्ज्वल भविष्य बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न ट्रेडों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। वहीं मैक्स हॉस्पिटल, दिल्ली, सीटी हॉस्पिटल, गोरखपुर तथा राणा हॉस्पिटल, गोरखपुर में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।
अप्रेंटिसशिप को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिष्ठानों, जिनमें त्रिवेणी शुगर मिल तथा द यूनाइटेड शुगर मिल शामिल हैं, के प्रबंधकों को भी विधायक ने प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में नोडल प्रधानाचार्य एवं जिला समन्वयक, कौशल विकास मिशन आलोक कुमार मौर्य, राजकीय आईटीआई कसया के प्रधानाचार्य ए.पी. राय, राजकीय आईटीआई हाटा के प्रधानाचार्य पी.एन. शर्मा, वरिष्ठ अनुदेशक बी.एन. गुप्ता, जिला कौशल प्रबंधक अभय श्रीवास्तव एवं कौशलेन्द्र प्रताप सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक विनय पाण्डेय, आर्यन श्रीवास्तव, मुकुल कुमार तथा पीयूषकांत सिंह सहित जनपद के सभी राजकीय आईटीआई के अधिकारी, कर्मचारी, प्रशिक्षक, प्रशिक्षु एवं बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को कौशल विकास योजनाओं के प्रति जागरूक करना, उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना तथा कौशल आधारित प्रशिक्षण को बढ़ावा देना था। आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR