चार्जिंग पर लगे ई-रिक्शा में उतरे करंट की चपेट में आने से महिला की मौत

चार्जिंग पर लगे ई-रिक्शा में उतरे करंट की चपेट में आने से महिला की मौत

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। जनपद के कोल्हुई थाना क्षेत्र के मैन्हवा गांव में बुधवार सुबह चार्जिंग पर लगे ई-रिक्शा में करंट उतर जाने से उसकी चपेट में आने पर 55 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मैन्हवा गांव निवासी 55 वर्षीय शांति देवी बुधवार सुबह पशुओं को चारा डालने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में एक ई-रिक्शा चार्जिंग पर लगा था। बताया जा रहा है कि तकनीकी खराबी के कारण ई-रिक्शा की बॉडी में करंट उतर आया था। जैसे ही शांति देवी वाहन के संपर्क में आईं, उन्हें तेज बिजली का झटका लगा और वह गंभीर रूप से झुलस गईं। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन, ग्रामीण तथा कोल्हुई थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थानाध्यक्ष गौरव सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

सावधानी: चार्जिंग पर लगे ई-रिक्शा या किसी भी विद्युत उपकरण को बिना जांचे न छुएं। यदि किसी वाहन में करंट आने की आशंका हो तो तत्काल बिजली की आपूर्ति बंद कर दें और बिजली विभाग अथवा तकनीकी विशेषज्ञ को सूचना दें।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ