विकसित साथी पोर्टल पर बीज विक्रेताओं का ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य, 25 जुलाई तक पूरी करें प्रक्रिया
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। जनपद के किसानों को उच्च गुणवत्ता एवं प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा विकसित 'विकसित साथी' पोर्टल पर सभी बीज विक्रेताओं का ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य कर दिया गया है।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य बीज उत्पादन, भंडारण, परिवहन, वितरण एवं बिक्री की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, डिजिटल एवं ट्रैसेबल बनाना है, ताकि बीज की गुणवत्ता एवं प्रामाणिकता का सत्यापन प्रभावी ढंग से किया जा सके।
उन्होंने बताया कि जनपद के सभी पंजीकृत बीज विक्रेताओं को अपने बीज अनुज्ञापन (लाइसेंस), पैन कार्ड, आधार कार्ड, जीएसटी विवरण तथा प्रतिष्ठान से संबंधित अन्य आवश्यक अभिलेख अपने लॉग-इन आईडी एवं पासवर्ड के माध्यम से विकसित साथी पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य है।
जिला कृषि अधिकारी ने कहा कि यदि पंजीकरण अथवा दस्तावेज अपलोड करने में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आती है तो संबंधित बीज विक्रेता जिला कृषि कार्यालय, विकास भवन, रवीन्द्रनगर, कुशीनगर में उपस्थित होकर उसका समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी बीज विक्रेताओं को 25 जुलाई, 2026 तक हर हाल में पंजीकरण एवं दस्तावेज अपलोड की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। निर्धारित समयावधि के भीतर पोर्टल पर आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण न करने वाले बीज विक्रेताओं के विरुद्ध बीज अनुज्ञापन (लाइसेंस) के निलंबन अथवा निरस्तीकरण की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित विक्रेता की होगी।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR