मंडल रेल प्रबंधक के निर्देशन में सघन टिकट जांच अभियान जारी, 83 बेटिकट यात्री पकड़े गए

मंडल रेल प्रबंधक के निर्देशन में सघन टिकट जांच अभियान जारी, 83 बेटिकट यात्री पकड़े गए

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

वाराणसी।

मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव के नेतृत्व में वाराणसी मंडल के विभिन्न रेलखंडों पर बेटिकट यात्रा रोकने के उद्देश्य से सघन टिकट जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 को मऊ–इंदारा रेलखंड पर गाड़ी संख्या 65107 भटनी–वाराणसी सिटी पैसेंजर, 15104 बनारस–गोरखपुर एक्सप्रेस, 14006 आनंद विहार–सीतामढ़ी एक्सप्रेस सहित अन्य मेल एवं पैसेंजर ट्रेनों में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। इसके अलावा इंदारा–दोहरीघाट रेलखंड पर किलोमीटर 7/2 के समीप गाड़ी संख्या 65121 दोहरीघाट–वाराणसी सिटी पैसेंजर ट्रेन में भी विशेष जांच की गई।

मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, मऊ अखिलेश सिंह तथा मुख्य टिकट निरीक्षक राम प्रभाव यादव के नेतृत्व में चलाए गए इस संयुक्त अभियान में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के उप निरीक्षक राम प्रवेश यादव सहित आरपीएफ एवं राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के कुल 11 सुरक्षा कर्मियों के साथ वाराणसी रेड टीम एवं आईसीपी, मऊ के 11 टिकट जांच कर्मचारियों ने भाग लिया।

अभियान के दौरान कुल 83 बेटिकट यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे रेलवे राजस्व के रूप में ₹48,035 का जुर्माना वसूला गया।

टिकट जांच अभियान के दौरान संबंधित रेलवे स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर यात्रा टिकट लेने के लिए यात्रियों की लंबी कतारें भी देखने को मिलीं। रेलवे अधिकारियों ने इसे वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति यात्रियों में बढ़ती जागरूकता का सकारात्मक संकेत बताया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा वैध यात्रा टिकट लेकर ही यात्रा करें, रेलवे के नियमों का पालन करें तथा ट्रेनों और रेलवे परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने में अपना सहयोग दें।



रिपोर्टर: अतुल उपाध्याय

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ