32 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में संपन्न हुई टीईटी परीक्षा, नकल पर रहा प्रशासन का सख्त पहरा

32 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में संपन्न हुई टीईटी परीक्षा, नकल पर रहा प्रशासन का सख्त पहरा

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश टीईटी 2026 के तहत जनपद में आयोजित सभी पालियों की परीक्षा सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो गई। जिले के 32 परीक्षा केंद्रों पर कुल 72,020 अभ्यर्थियों के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। किन्तु करीब 15,000 अभ्यर्थी ऐसे थे, जो प्राथमिक व उच्च प्राथमिक दोनों स्तरों में से किसी एक की परीक्षा में शामिल हुए।

परीक्षा के दौरान सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन मुस्तैद रहा। मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, डीआईजी रेंज एस. चनप्पा, जिलाधिकारी दीपक मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ, एसपी सिटी निमिष पाटील सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। ऑब्जर्वर (पूर्व डीआईजी) वी.पी. श्रीवास्तव पूरे परीक्षा कार्यक्रम की निगरानी करते रहे, जबकि नोडल अधिकारी के रूप में भी अपर जिलाधिकारी गजेन्द्र कुमार सक्रिय रहे।

शनिवार की अंतिम दिन की परीक्षा में 13,558 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, जिनमें से 11,036 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 2,522 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार उपस्थिति 81.4 प्रतिशत और अनुपस्थिति 18.6 प्रतिशत दर्ज की गई।

इससे पहले भी सभी पालियों में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। प्रशासन द्वारा नकलविहीन परीक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए थे। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, डबल लॉक में प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, प्रवेश के समय सघन जांच तथा सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित की गई थी। साथ ही परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, शौचालय, बिजली और बैठने की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।

परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव अपनी टीम के साथ परीक्षा केंद्रों के बाहर मुस्तैद रहे, जिससे अभ्यर्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

अधिकारियों ने बताया कि पूरे परीक्षा कार्यक्रम के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली और परीक्षा पूर्णतः शांतिपूर्ण व व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हुई।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ