मतदेय स्थलों की नई सूची जारी, 18 जुलाई तक दर्ज कराएं आपत्ति व सुझाव

मतदेय स्थलों की नई सूची जारी, 18 जुलाई तक दर्ज कराएं आपत्ति व सुझाव

विशेष पुनरीक्षण-2026 के तहत महराजगंज की पांचों विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों की आलेख्य सूची प्रकाशित

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। आगामी निर्वाचन की तैयारियों के तहत जिला निर्वाचन प्रशासन ने मतदाताओं की सुविधा तथा मतदान प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जनपद महराजगंज की सभी पांच विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों (मतदान केंद्रों) की आलेख्य सूची प्रकाशित कर दी गई है। अब आम नागरिक, राजनीतिक दल एवं संबंधित मतदाता इन सूचियों का अवलोकन कर 18 जुलाई 2026 तक अपनी आपत्तियां एवं सुझाव दर्ज करा सकते हैं।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा-25 तथा भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में 63-महराजगंज संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 315-फरेन्दा, 316-नौतनवां, 317-सिसवां, 318-महराजगंज तथा 319-पनियरा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों एवं उनसे संबद्ध मतदान क्षेत्रों की आलेख्य सूची का प्रकाशन किया गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी मतदाता, जनप्रतिनिधि, राजनीतिक दल अथवा अन्य संबंधित व्यक्ति को किसी मतदान स्थल के स्थान, व्यवस्था अथवा सूची के संबंध में कोई आपत्ति या सुझाव हो, तो वह 18 जुलाई 2026 तक संबंधित विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (उप जिलाधिकारी/तहसील कार्यालय) अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय, महराजगंज में लिखित रूप से अपना अभ्यावेदन प्रस्तुत कर सकता है। निर्धारित अवधि में प्राप्त सभी आपत्तियों एवं सुझावों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा।

जिला निर्वाचन प्रशासन ने सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों, सांसदों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों से अपील की है कि वे प्रकाशित सूची का अवलोकन कर आवश्यक सुझाव एवं आपत्तियां निर्धारित समय सीमा के भीतर उपलब्ध कराएं, ताकि मतदान केंद्रों का अंतिम निर्धारण अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से किया जा सके।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ