स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 को लेकर सिसवा में मेगा अभियान: घर-घर स्वच्छता की अलख, 'एक पेड़ माँ के नाम' से दिया हरियाली का संदेश

स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 को लेकर सिसवा में मेगा अभियान: घर-घर स्वच्छता की अलख, 'एक पेड़ माँ के नाम' से दिया हरियाली का संदेश

कूड़ा पृथक्करण, वृक्षारोपण और एंटी लार्वा छिड़काव के जरिए नगर पालिका ने चलाई विशेष मुहिम, नागरिकों से मांगा सहयोग

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 में बेहतर प्रदर्शन के लक्ष्य को लेकर नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार ने गुरुवार को व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। अभियान के तहत विभिन्न वार्डों में घर-घर जाकर लोगों को कूड़ा पृथक्करण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कर हरित वातावरण का संदेश दिया गया।

नगर पालिका की टीम ने नागरिकों से अपील की कि वे गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग रखें, सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाएं तथा स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 में नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार को बेहतर रैंक दिलाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। सफाई कर्मचारियों ने घर-घर जाकर लोगों को कूड़ा पृथक्करण के महत्व से अवगत कराया और नियमित रूप से पृथक कूड़ा उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया।

इसी क्रम में वार्ड संख्या-10 में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाकर एंटी लार्वा दवा का छिड़काव किया गया। इस दौरान नागरिकों को डेंगू, मलेरिया तथा अन्य मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के उपाय बताए गए। लोगों से घरों एवं आसपास पानी जमा न होने देने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की अपील की गई।

अभियान में आईईसी टीम के सदस्य सतीश शर्मा, खुश्बू पटेल एवं अर्जुन कुमार ने लोगों को गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग कर सफाईकर्मियों को सौंपने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार के सफाई प्रभारी मंगलेश राणा, सफाई नायक राम सहित नगर पालिका के कर्मचारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ