शिक्षामित्र प्रेमशीला देवी का निधन, शिक्षामित्रों व शिक्षकों में शोक की लहर

शिक्षामित्र प्रेमशीला देवी का निधन, शिक्षामित्रों व शिक्षकों में शोक की लहर

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

सपहा/कुशीनगर।

कसया थाना क्षेत्र के ग्राम मैनपुर टोला पकड़ियार निवासी शिक्षामित्र प्रेमशीला देवी (लगभग 40 वर्ष) का शुक्रवार देर शाम लखनऊ स्थित एसजीपीजीआई में उपचार के दौरान निधन हो गया। निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र के शिक्षामित्रों एवं शिक्षकों में शोक की लहर दौड़ गई।

प्रेमशीला देवी विकास खंड कसया के न्याय पंचायत सपहा अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय मैनपुर भूदेवपुर में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत थीं। इसके अलावा वह बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के रूप में भी अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही थीं।

परिजनों के अनुसार, एसआईआर ड्यूटी के दौरान से ही उनकी तबीयत खराब रहने लगी थी। प्रारंभिक उपचार गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में कराया गया, लेकिन स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार न होने पर उन्हें एसजीपीजीआई, लखनऊ रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान शुक्रवार देर शाम उनका निधन हो गया।

परिजनों ने बताया कि प्रेमशीला देवी की कोई संतान नहीं थी। उनके निधन से पति प्रभुनाथ प्रसाद पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

निधन की सूचना मिलते ही शिक्षक संघ के मंडल अध्यक्ष राजेश शुक्ल, शिक्षामित्र संघ के ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल यादव, हरेंद्र चौरसिया, संजय यादव, शैलेष कुमार, अरुण वर्मा, राजकुमार पांडेय, मंजीत पाठक, चंद्रभूषण प्रसाद, रामरतन, ओमप्रकाश, चंद्रप्रकाश वर्मा, हरिकेश वर्मा, कुंती वर्मा, निशा निगम, रेखा यादव, लक्ष्मीनारायण जायसवाल, यशपाल यादव, विश्वनाथ कुशवाहा, मैनेजर यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षामित्र उनके आवास पहुंचे।

सभी ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।



रिपोर्टर: के.एन. राय

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ