स्कूल चलो अभियान के तहत निकाली गई जागरूकता रैली, शिक्षा के प्रति किया गया जागरूक

स्कूल चलो अभियान के तहत निकाली गई जागरूकता रैली, शिक्षा के प्रति किया गया जागरूक

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

घुघली/महराजगंज। स्कूल चलो अभियान के तहत पनियरा विकासखंड के पूर्व माध्यमिक विद्यालय एवं प्राथमिक विद्यालय जड़ार के छात्र-छात्राओं ने सोमवार को संयुक्त रूप से जागरूकता रैली निकाली। रैली का शुभारंभ एआरपी अरविंद पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर किया।


रैली में स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राओं ने कलर पार्टी और घोष बैंड के साथ आकर्षक मार्च करते हुए ग्रामीणों को अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने तथा उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर गांव में भ्रमण किया तथा "कोई न छूटे इस बार, शिक्षा है सबका अधिकार", "बेटा-बेटी एक समान, शिक्षा पर सबका अधिकार", "दीप से दीप जलाएंगे, साक्षर देश बनाएंगे" और "हर बच्चे को पढ़ाएंगे, शिक्षा से देश सजाएंगे" जैसे नारों के माध्यम से शिक्षा का संदेश दिया।

इस अवसर पर एआरपी अरविंद पांडेय ने कहा कि परिषदीय विद्यालय अब अत्याधुनिक एवं डिजिटल संसाधनों से सुसज्जित हो चुके हैं। सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत बच्चों को निशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं नवोदय विद्यालय, विद्याज्ञान, अटल आवासीय विद्यालय, आय आधारित छात्रवृत्ति योजना तथा एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं में चयनित होकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने सभी बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराएं और उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजें, ताकि शत-प्रतिशत साक्षरता के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके तथा स्कूल चलो अभियान को सफल बनाया जा सके।

रैली में प्रधानाध्यापक राहुल पटेल, नागेंद्र चौहान, आशुतोष पटेल, जय प्रकाश गौतम, अजीत सिंह, यासमीन जहां, अविनाश चौधरी, बालकरन गौतम, शम्स तबरेज, संदीप शर्मा, अखिलेश कुमार, बबीता सहानी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।



रिपोर्टर: सतीश कुमार श्रीवास्तव

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ