30 जुलाई से शुरू होगा पवित्र सावन, शिवालयों में तैयारियां पूरी

30 जुलाई से शुरू होगा पवित्र सावन, शिवालयों में तैयारियां पूरी

इटहिया पंचमुखी शिव मंदिर में 47 सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। भगवान शिव की आराधना का पावन सावन मास 30 जुलाई से प्रारंभ हो रहा है। सावन के आगमन को लेकर जिले के प्रमुख शिवालयों में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। श्रद्धालु पूरे माह भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर बेलपत्र, गंगाजल, धतूरा और अन्य पूजन सामग्री अर्पित करते हुए सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना करेंगे।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रबंधन समितियों के साथ पुलिस एवं प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मंदिर परिसरों में साफ-सफाई, रंग-रोगन, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सावन मास भगवान शिव की उपासना के लिए अत्यंत पवित्र माना जाता है। विशेष रूप से सावन के सोमवार को व्रत और पूजा-अर्चना का विशेष महत्व है। इस वर्ष सावन में चार सोमवार पड़ेंगे, जिसके चलते शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।

निचलौल क्षेत्र के प्रसिद्ध इटहिया पंचमुखी शिव मंदिर में भी सावन को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। मंदिर परिसर की साफ-सफाई के साथ जलाभिषेक और दर्शन की व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में 47 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनके माध्यम से मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं की आवाजाही और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर प्रभावी निगरानी रखी जाएगी।

प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे दर्शन और पूजा के दौरान व्यवस्था बनाए रखें तथा सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही भीड़ के दौरान धैर्य बनाए रखते हुए प्रशासन और पुलिसकर्मियों का सहयोग करें, ताकि सावन मास में श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन की सुविधा मिल सके।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ