बाइक की टक्कर से तीन वर्षीय मासूम की मौत, चालक फरार
सड़क पार करते समय हुआ हादसा, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्रामसभा कटहरी स्थित चरगाह रोड पर मंगलवार पूर्वाह्न सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से तीन वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार बाइक चालक की तलाश में जुटी है।जानकारी के अनुसार, बेलवा कैमी ग्रामसभा निवासी रजवंता देवी अपनी तीन वर्षीय बेटी अंकिता का इलाज कराने कटहरी आई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मंगलवार करीब 11:30 बजे वह अपनी बेटी के साथ चरगाह रोड पार कर रही थीं। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार बाइक ने अंकिता को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्ची उछलकर करीब दो मीटर दूर जा गिरी। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। परिजन गंभीर रूप से घायल बच्ची को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसवा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार बाइक चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR