आधार सेवाओं में शत-प्रतिशत कवरेज पर जोर

आधार सेवाओं में शत-प्रतिशत कवरेज पर जोर, लंबित बायोमेट्रिक अपडेट और 100 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के सत्यापन में तेजी लाने के निर्देश

0 से 5 वर्ष के बच्चों के आधार नामांकन और विद्यार्थियों के बायोमेट्रिक अपडेट की प्रगति की समीक्षा

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

कुशीनगर।कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को आधार अनुश्रवण समिति की बैठक मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आधार नामांकन, अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) तथा 100 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लंबित सत्यापन की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक की कार्यवाही के दौरान जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी तथा यूआईडीएआई के राज्य प्रतिनिधि छत्रपाल सिंह ने जनपद में आधार सेवाओं की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का आधार नामांकन अभी लगभग 10 प्रतिशत ही हो सका है, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने यह भी बताया कि स्कूली विद्यार्थियों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) के लगभग 1.50 लाख प्रकरण लंबित हैं।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि 100 वर्ष से अधिक आयु के 1,207 व्यक्तियों का सत्यापन आधार पोर्टल पर लंबित है। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिया कि इन सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर सत्यापन कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता अथवा दुरुपयोग की संभावना न रहे।

मुख्य विकास अधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी तथा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) के अधिकारियों को समन्वित प्रयास कर 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत आधार नामांकन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि 5 से 15 वर्ष तथा 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी विद्यार्थियों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाए, ताकि भविष्य में आधार आधारित सेवाओं एवं सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की समस्या न हो।

बैठक में 100 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों के लंबित सत्यापन को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के लिए अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) को निर्देश दिए गए। उनसे कहा गया कि सभी उप जिलाधिकारियों के माध्यम से संबंधित लेखपालों द्वारा सत्यापन कराकर आधार पोर्टल पर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) गुलाब सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी ए.के. दूबे, भारतीय डाक विभाग के जनपद प्रतिनिधि डी.के. भारती, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के जिला अधिकारी अभिनव कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी श्रवण कुमार सिंह, उपायुक्त मनरेगा राकेश, यूआईडीएआई के राज्य प्रतिनिधि छत्रपाल सिंह तथा सीएससी जिला प्रबंधक गौरव पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी श्रवण कुमार सिंह ने सभी अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ